कोलकाता/ चंडीगढ़ : 25/01/2024 : राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बंगाल में प्रवेश करने के ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि वह बंगाल में तृणमूल लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेंगी | वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब की सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगी | गौरतलब है कि ममता कांग्रेस को दो सीटें देने पर अड़ी थीं | 2019 के लोकसभा चुनाव में 42 में से तृणमूल 22, भाजपा 18 और कांग्रेस 2 सीटें जीती थी | कांग्रेस का कहना है कि ममता के बिना इंडिया की कल्पना नहीं की जा सकती | वहीं भाजपा ने कहा कि ममता का फ़ैसला उनकी हताशा का संकेत है | इसी दौरान बिहार के सीएम नितीश कुमार ने कहा कि आजकल लोग अपने परिवार को आगे बढ़ाने में लगे हैं, जननायक कर्पूरी ठाकुर ने कभी ऐसा नहीं किया | हमने भी परिवार को राजनीति में आगे नहीं बढ़ाया | रणनीतिकारों का कहना है कि गठबंधन न होने के बावजूद कांग्रेस बंगाल में अधिक सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी | तृणमूल से कांग्रेस 6 सीटों पर बातचीत कर रही थी, अब वह इन 6 सीटों के अलावा 10 उन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां तृणमूल कांग्रेस विरोधी वोट कांग्रेस के पक्ष में जा सकते हैं | अगर कांग्रेस वहां नहीं होगी तो यह वोट भाजपा के पास चले जाएंगे | दोनों दलों में से कोई भी जीते सीट इंडिया गठबंधन की ही होगी |
|