भोपाल : 18/03/2024 : रविवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस आलाकमान पर जमकर निशाना साधा उन्होने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और उनके नेतृत्व को आड़े हाथों लिया | शिवराज ने कहा कि सोनिया गांधी ने राज्यसभा में बैकडोर एंट्री ली है | जिस पार्टी के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास डगमगाया हुआ हो उस पार्टी का क्या होगा | शिवराज ने राहुल गांधी का नेतृत्व रहने के दौरान कांग्रेस छोड़ने वाले बड़े नेताओं की एक सूची जारी करते हुए उन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम भी गिनाए, जिन्होने भाजपा का दामन थाम लिया है | कहा कि 2013 से अब तक कांग्रेस पार्टी करीब 52 चुनाव हार चुकी है, कांग्रेस ऐसा दल बन गई है, जिसके पास न तो अब सेना बची है और न ही सेनापति | शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी तो ऐसे कप्तान हैं, जिन्हें यह भी नहीं पता कि कब क्या करना चाहिए | जब उन्हें चुनाव की तैयारी करनी चाहिए तब वे यात्रा करते हैं | जब उन्हें यात्रा करनी चाहिए तब वह विदेश में छुट्टी मनाते हैं, और चुनाव में हारने के बाद ईवीएम-ईवीएम चिल्लाते हैं | पार्टी की हार का कारण ईवीएम को ठहराते हैं |
|